देशमध्यप्रदेशमैहरसतना

मैहर में सभा संवाद से स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल, कलेक्टर का सख्त संदेश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं…..

मैहर में प्रशासन ने स्वास्थ्य योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए सभा संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मां शारदा ऑडिटोरियम, एकलव्य आवासीय विद्यालय में आयोजित बैठक में मैदानी अमले से सीधे संवाद कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

कार्यक्रम के पहले चरण में सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, आशा और उषा कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन चर्चा हुई। इस दौरान एएनसी पंजीयन, प्रथम तिमाही रजिस्ट्रेशन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष फोकस किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

बैठक में कलेक्टर ने दो टूक कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। एचबीएनसी गृह भेंट, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी जांच और टीकाकरण कार्यक्रमों की प्रगति पर भी विस्तृत समीक्षा करते हुए सुधार के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर एसडीएम दिव्या पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बंगारे, सीडीपीओ विद्याचरण तिवारी, सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला और बीएमओ डॉ. पीयूष पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति साझा करते हुए बेहतर क्रियान्वयन के सुझाव भी दिए।

सभा संवाद पहल को प्रशासन और मैदानी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय का प्रभावी माध्यम माना जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button