खेत की आग बनी जानलेवा, मड़ैया में सो रहे किसान की झुलसकर मौत, नरवाई जलाने पर रोक की मांग तेज……

सतना। जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में खेत में लगी आग ने एक किसान की जान ले ली। संत टोला वार्ड क्रमांक 11 निवासी मुन्नीलाल त्रिपाठी (55) अपने खेत में बनी मड़ैया में सो रहे थे, तभी अचानक आग फैलते हुए वहां तक पहुंच गई और हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में लगी आग तेजी से फैलते हुए मड़ैया तक पहुंची और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में मड़ैया के साथ वहां रखा सामान भी जलने लगा। स्थिति को संभालने और सामान बचाने के प्रयास में मुन्नीलाल त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए। अत्यधिक झुलसने के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, कोठी अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर डॉक्टरों द्वारा आनाकानी की बात सामने आने से परिजनों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में लगने वाली आग, विशेषकर नरवाई जलाने की प्रथा, अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्त रोक लगाने और आग पर त्वरित नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।