कोठी में भव्य शोभा यात्रा, परशुराम जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे, झांकियों ने मोहा मन……
आदित्य मिश्रा, आंचलिक/सतना।

सतना। जिले के कोठी क्षेत्र में परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन आश्रम कोठी से प्रारंभ हुई यह यात्रा पूरे नगर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली शोभा यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

यात्रा के दौरान भगवान परशुराम की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा शोभा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। जगह-जगह आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यात्रा ने जनमानस में धार्मिक ऊर्जा का संचार किया।
इस आयोजन में सुभाष शर्मा डोली, रत्नाकर चतुर्वेदी, शिवा, भगवती प्रसाद पांडे, शुभम समदरिया, उर्मिला त्रिपाठी, प्रभा बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन कोठी क्षेत्र के समस्त ब्राह्मण समाज द्वारा किया गया, जिसमें युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
शोभा यात्रा का स्वागत करणी सेना, व्यापारी संघ, युवा समाजसेवी अंकित त्रिपाठी, जय हिंद डेंटल हॉस्पिटल कोठी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा किया गया। यात्रा बाजार मार्ग होते हुए बस स्टैंड पहुंची, जहां ठाकुर रणमत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद बजरंगबली की आरती के साथ यात्रा का विधिवत समापन हुआ।

समापन उपरांत मुस्कान मैरिज गार्डन पैलेस में सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया।


