मेधावियों का सम्मान, नगर में निकली भव्य शोभा यात्रा, कोठी में अलंकरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न…….

सतना/कोठी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोठी में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का अलंकरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने मेधावी भैया-बहिनों के साथ उनके अभिभावकों का भी माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री ईश्वर प्रताप सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री चंद्रमौलेश्वर सिंह, श्री राजेश नामदेव एवं श्री ओम प्रकाश पाठक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के व्यवस्थापक श्री अनुपम पाठक ने की। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में छात्रों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

वक्ताओं ने कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी लगन और प्रतिबद्धता के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
अलंकरण समारोह के पश्चात मेधावी छात्र-छात्राओं की भव्य शोभा यात्रा कोठी नगर में निकाली गई। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विद्यार्थियों का जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत किया गया। शोभा यात्रा में नगर के गणमान्य नागरिक, अभिभावकगण एवं विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उत्साहपूर्वक शामिल हुआ।
कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि पूरे नगर में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी निर्मित किया।


खबर- आदित्य मिश्रा (आंचलिक रिपोर्टर)