ट्रक की भीषण टक्कर से पति-पत्नी की मौत, 5 वर्षीय मासूम घायल……
आंचलिक रिपोर्टर- आदित्य मिश्रा।

सतना। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बगिया मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 5 वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैना गांव निवासी दादूलाल रैकवार अपनी पत्नी और 5 वर्षीय बच्चे के साथ सतना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बगिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दादूलाल और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बच्चा घायल अवस्था में तड़पता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे सहित सभी को तत्काल जिला अस्पताल सतना भिजवाया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खुलवाया और यातायात को सुचारु किया।


फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में शोक की लहर है।