नीले ड्रम में छिपी मासूम की लाश, रंजिश में 5वीं के छात्र की बेरहमी से हत्या……

मध्यप्रदेश के सतना में मानवता को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में 11 वर्षीय मासूम छात्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को नीले ड्रम में छिपा दिया गया। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान शिवराज रजक (11) के रूप में हुई है, जो कक्षा 5वीं का छात्र था। वारदात के समय बच्चा घर में अकेला था, मां काम पर, बहन कॉलेज और भाई मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था।
दोपहर में मां के लौटने पर शिवराज घर पर नहीं मिला, जिसके बाद आसपास तलाश की गई और अंततः पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दृश्य सिहराने वाला था। कमरे में बिस्तर पर रखा तकिया खून से सना मिला, दीवारों पर खून के छींटे थे और फर्श पर खून के निशान ड्रम तक जाते दिखाई दिए। तलाशी के दौरान पुलिस ने नीले ड्रम से बच्चे का शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मथुरा रजक (45), जो कॉलोनी में कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता है, ने हंसिया से गला रेतकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का बच्चे के पिता से पुराना विवाद था, जिसके चलते रंजिश में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।घटना के बाद से आरोपी फरार है, उसकी दुकान बंद है और मोबाइल स्विच ऑफ बताया जा रहा है।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बाइट- सेजल रजक, मृतक की बहन।
बाइट- शिवेष सिंह, एएसपी सतना।