मैहर मंडी में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस के निर्देश…..

मैहर। कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने शुक्रवार को हरनामपुर मंडी स्थित उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
राज्य शासन के निर्देशानुसार 17 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन निरीक्षण के समय केंद्र में न तो गेहूं की आवक पाई गई और न ही उठाव की कोई व्यवस्था नजर आई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला प्रबंधक नान पंकज बोरसे और मंडी सचिव की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसानों की उपज खरीदी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने और खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर की इस सख्ती से प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति बनी रही।