मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने की कामदगिरि परिक्रमा, कामतानाथ से मांगा प्रदेश के सुख-समृद्धि का आशीर्वाद…..

सतना। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की धर्मपत्नी सीमा यादव ने परिवार सहित चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, अमन-चैन और जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता के लिए प्रार्थना की।
श्रीमती यादव ने कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा करते हुए परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की। परिक्रमा के दौरान रीवा की माइनिंग ऑफिसर दीपमाला तिवारी भी उनके साथ रहीं और पूरी परिक्रमा में सहभागिता निभाई।

उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत प्रदेश में चल रहे अभियान की सफलता के लिए भी भगवान कामतानाथ से आशीर्वाद मांगा। यह आध्यात्मिक यात्रा सादगी और आस्था का प्रतीक रही, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।
चित्रकूट पहुंचने पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल और भाजपा मंडल अध्यक्ष विनिता शिवहरे ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही। एसडीएम मिहाल सिंह गुर्जर, एसडीओपी राजेश वांजरे और टीआई गिरिजाशंकर बाजपेयी सहित पुलिस बल प्रमुख स्थानों पर तैनात रहा।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सीमा यादव ने कामतानाथ के दर्शन-पूजन व परिक्रमा के साथ गुप्त गोदावरी और सती अनुसुइया धाम में भी दर्शन किये व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कुल मिलाकर यह दौरा आस्था, जनसंपर्क और प्रशासनिक सतर्कता का समन्वय नजर आया, जहां एक ओर धार्मिक परंपरा का निर्वहन हुआ, वहीं सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया…..



