मैहर में चौराहों और तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण, 10 आंगनवाड़ी बनेंगी चाइल्ड फ्रेंडली प्री-स्कूल…..

मैहर। कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की अध्यक्षता में मंगलवार को डीएमएफ और सीएसआर मद से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सीएसआर फंड से मैहर शहर के 5 प्रमुख चौराहों का व्यवस्थित रूप से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके तहत यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ चौराहों को आकर्षक रूप दिया जाएगा। वहीं, जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शहर के 3 तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 3 तालाबों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।
बाल विकास के क्षेत्र में भी अहम पहल करते हुए नगरपालिका मैहर के अंतर्गत संचालित 60 आंगनवाड़ी केंद्रों में से प्रथम चरण में 10 केंद्रों को चाइल्ड फ्रेंडली प्री-स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इन केंद्रों में बच्चों के लिए आकर्षक और सुविधाजनक वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे प्रारंभिक शिक्षा को मजबूती मिले।
बैठक में अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम मैहर दिव्या पटेल, डॉ. आरती सिंह, एसपी मिश्रा, खनिज अधिकारी सतीश मिश्रा, आरटीओ संजय श्रीवास्तव, सीईओ जनपद पंचायत तथा नगरपालिका सीएमओ सुषमा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सीएसआर प्रबंधक उपस्थित रहे।