टूटी व्हीलचेयर, एक पैर पर कूदता मरीज, सतना अस्पताल की हकीकत ने झकझोरा…..
अमित मिश्रा/सतना।

सतना। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल से सामने आया एक वीडियो स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर तस्वीर पेश कर रहा है।
वायरल वीडियो में एक घायल मरीज, जिसके एक पैर में पूरी तरह पट्टी बंधी है, मजबूरी में एक पैर के सहारे कूदते हुए आगे बढ़ता नजर आ रहा है। बैठने के लिए दी गई व्हीलचेयर भी टूटी हुई है, एक पहिया खराब, सहारा अधूरा।
मरीज की हालत ऐसी है कि वह न ठीक से बैठ पा रहा है, न चल पा रहा है, फिर भी दर्द के बीच खुद को संभालते हुए किसी तरह आगे बढ़ने को मजबूर है। यह दृश्य न केवल अव्यवस्था बल्कि संवेदनहीनता की भी कहानी कहता है।
इस मामले को लेकर MP Congress ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा है।

दिनभर वायरल रहे इस वीडियो ने आम लोगों को भी झकझोर दिया है। लोग पूछ रहे हैं, क्या सरकारी अस्पतालों की सुविधाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं? क्या गरीब और असहाय मरीजों की पीड़ा देखने वाला कोई नहीं?
अब जरूरत है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारों की पहचान की जाए और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी मरीज को फिर इस तरह दर्द और बेबसी के बीच खुद को संभालने के लिए मजबूर न होना पड़े……