इलाज के लिए पहुंचे मरीज पर केस का आरोप!……

मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की घटना पर उठे सवाल ! शिकायतकर्ता ने कलेक्टर-एसपी को दिया आवेदन, निष्पक्ष जांच की मांग………….
सतना। जिले के मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है, जिसमें एक मरीज द्वारा अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठी है। शिकायतकर्ता बालकृष्ण पांडे ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम मझगवां और थाना प्रभारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि 5 मार्च 2026 की रात लगभग 9:30 बजे वे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचे थे। उनके अनुसार अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी कक्ष का दरवाजा बंद मिला और वार्ड में मौजूद एक कर्मचारी सोता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने कर्मचारी को जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कुछ देर बाद वापस घर लौट गए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि अस्पताल की स्थिति को लेकर उन्होंने विधायक एवं स्थानीय स्तर पर जानकारी साझा की थी। इसके बाद अगले दिन उन्हें जानकारी मिली कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शिकायतकर्ता ने आश्चर्य जताते हुए कहा है कि वे केवल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे और किसी प्रकार का विवाद नहीं किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाए, जिससे उस समय की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि फुटेज की निष्पक्ष जांच हो तो घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकती है। वहीं स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाओं की उपलब्धता और व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, ऐसे में इस मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है।
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच की उम्मीद जताई जा रही है। संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

