नागौद मे बीच-बचाव की कीमत बनी बेरहम पिटाई: दबंगों ने युवक को गाड़ी में ले जाकर बेल्ट से एक घंटे तक पीटा…….

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल……..
सतना। जिले के नागौद कस्बे में बीच-बचाव करना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। पुराने विवाद की रंजिश में दबंग युवकों ने उसे गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर बेल्ट और मुक्कों से करीब एक घंटे तक बेरहमी से पीटा। घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार नागौद के खेरवाटोला वार्ड क्रमांक-5 निवासी मुकुट दाहिया ने बताया कि 3 फरवरी को सचिन वर्मन और अंकित सिंह के बीच विवाद हो रहा था, जिसे उसने शांत कराने का प्रयास किया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके खिलाफ रंजिश पाल ली।
पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह दिलीप सिंह की आरा मशीन के पास खड़ा था। इसी दौरान हर्षित सिंह और सिद्धार्थ सिंह वहां पहुंचे और किसी काम का बहाना बनाकर उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि दोनों युवक उसे ईदगाह के पास ले गए, जहां पुराने विवाद का हवाला देकर उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि हर्षित सिंह ने बेल्ट से लगातार वार किए, जबकि दोनों आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से भी जमकर मारपीट की। करीब एक घंटे तक चली इस बेरहम पिटाई से युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बाद में घायल अवस्था में उसे छोड़ दिया गया। परिजनों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल नागौद में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग खुलेआम दबंगई पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे तत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
वही पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।