मध्यप्रदेशसतना

सड़क पर सख्ती: सतना में अतिक्रमण हटाया, वाहन और गैस सिलेंडर जब्त….

आदित्य मिश्रा।

सतना जिले में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की। चित्रकूट मार्ग पर कोठी तिराहे पर राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे बनाए गए गुमटियों और ठेलों को हटाया। इस अभियान का उद्देश्य यातायात में हो रही बाधा को दूर कर सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

कार्रवाई के दौरान यात्री प्रतीक्षालय परिसर में खड़े 8 अनधिकृत वाहनों को जब्त कर थाने भेजा गया। इनमें से तीन वाहन बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के थे। इसके साथ ही, होटलों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी जांच की गई। दो सिलेंडर अवैध रूप से उपयोग में पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

एसडीएम ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्थित करना ही नहीं, बल्कि नगर की सुंदरता और सार्वजनिक व्यवस्था को भी कायम रखना है।

प्रशासन ने साफ किया कि इस तरह की सख्ती आगे भी जारी रहेगी और अन्य इलाकों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। प्रशासन की सख्ती और पारदर्शिता की सभी ने सराहना की है।

Related Articles

Back to top button