कलयुग में रिश्तों की शर्मनाक दास्तां, पत्नी ने कराया पति का कत्ल, भरोसे की डोर टूटी…..

अमित मिश्रा/सतना।
फिर सोनम बेवफा निकली……

कहते हैं कि समय बदलता है, लेकिन क्या सच में रिश्तों का पवित्र भाव भी बदल सकता है? यह सवाल आज हर किसी के दिल में घर कर गया है। समाज में रिश्ते एक भरोसे की डोर होते हैं, खासकर पति-पत्नी का रिश्ता। इसे हमेशा सबसे पवित्र, सबसे भरोसेमंद माना गया। माता-पिता हमें यही सिखाते हैं कि यह बंधन सात जन्मों का होता है एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ देने का, एक-दूसरे का सहारा बनने का। लेकिन हाल की खबरें देखकर दिल दहल उठता है, क्या यही वो रिश्ते हैं जिन पर कभी आंख मूंदकर भरोसा किया जाता था?
बीते दिनों भी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी, जब पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी थी। पति को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर एक ड्रम में भरवा दिया गया। इस घटना ने न केवल समाज को हैरान किया था, बल्कि रिश्तों की पवित्रता पर भी सवाल खड़े किये थे…..

आज मेघालय के शिलॉन्ग में इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी सुलझने के साथ ही एक खौफनाक सच सामने आया है। राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को सोनम से हुई थी। 23 मई को वह शिलॉन्ग से लापता हो गए। अब मेघालय डीजीपी आई नोंगरांग ने जो खुलासा किया है, वह रूह कंपा देने वाला है। डीजीपी का दावा है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या कराई। पेशेवर हत्यारों को सुपारी देकर उसने अपने जीवन साथी को मौत के घाट उतरवा दिया।
सोनम ने आखिर क्यों ऐसा किया? इस सवाल के जवाब में अभी भी कई परतें बाकी हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन हमलावरों को भी गिरफ्तार किया है। ये हमलावर भी मध्यप्रदेश के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक अन्य हमलावर की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर समाज को आइना दिखा रही है, कैसे शक और लालच की दीमक रिश्तों की मजबूत नींव को खोखला कर रही है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात में एक और मोड़ आया जब सोनम के पिता ने पुलिस की कहानी को पूरी तरह नकार दिया। उनका कहना है कि उनकी बेटी बेगुनाह है, और पुलिस ने झूठी कहानी गढ़ी है। वे इस लड़ाई को अंजाम तक ले जाने की बात कह रहे हैं।
सच क्या है, यह जांच का विषय है। मगर एक बात तो साफ है, रिश्तों का यह पतन डरावना है। पहले पति पर पत्नी को सताने के आरोप लगते थे, कई जगह आज भी लग रहे हैं।
लेकिन अब हालात यह भी हैं कि पत्नी पर ही पति की हत्या कराने का खुलाशा हुआ है। बोलें तो घर-आंगन से विश्वास की डोर टूटती जा रही है…..
समाज में रिश्तों की यह गिरती साख एक चेतावनी भी है, वक्त रहते हमें अपने रिश्तों की नींव को मजबूत करना होगा। एक-दूसरे पर शक करने की बजाय भरोसे को जीना होगा। वरना कलयुग की यह परछाई हर रिश्ते को निगल जाएगी। आज की यह खबर सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि भरोसे और रिश्तों की भी हत्या है…..
रिश्तों की नींव मजबूत करने की पुकार… राजा रघुवंशी की हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगना रिश्तों की कमजोर होती नींव की ओर इशारा करता है। यह हादसा हमें चेताता है की बच्चों को सही संस्कार और मर्यादाएं सिखाना जरूरी है। समाज, घर-परिवार सभी इस कुलसी से सहमे हुए हैं।
परिजनों की हालत सोचकर दिल दहल उठता है। हमें रिश्तों को बचाने की जिम्मेदारी समझनी होगी, वरना शक और अविश्वास की यह आग हर घर को अपनी चपेट में ले लेगी……