धर्मवीर रुद्र त्रिपाठी को 10 करोड़ की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी……
अमित मिश्रा l/सतना।

धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आया फोन, मुंबई-ठाणे में एफआईआर दर्ज।
सतना। सतना जिले के शिवराजपुर निवासी रियल एस्टेट कारोबारी रुद्र त्रिपाठी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी भरे कॉल और ऑडियो संदेश मिलने के बाद त्रिपाठी ने मुंबई-ठाणे के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने जबरन वसूली और आपराधिक धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आई पहली कॉल…
एफआईआर के अनुसार 11 फरवरी को रुद्र त्रिपाठी अपने गृह ग्राम शिवराजपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 10 करोड़ रुपये देने की मांग की। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने यह चेतावनी भी दी कि यदि कॉल रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंपी गई तो अंजाम गंभीर होगा।
वही 20 फरवरी को उनके कार्यालय में रहते हुए एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से चार व्हाट्सएप कॉल की गईं। जवाब न देने पर दोपहर 12:29 बजे एक ऑडियो क्लिप भेजी गई, जिसमें स्पष्ट रूप से जान से मारने की धमकी दी गई थी।
जांच में जुटी पुलिस… व्यवसायी की शिकायत के आधार पर 20 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस कॉल डिटेल, व्हाट्सएप डेटा और अंतरराष्ट्रीय नंबर की तकनीकी जांच कर रही है। साइबर सेल की सहायता ली जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
संघर्ष से शिखर तक का सफर….. रुद्र त्रिपाठी बीते दशकों से ‘धर्मवीर’ के नाम से भी जाने जाते हैं। वे प्रतिवर्ष चित्रकूट, शिवराजपुर तथा देश-प्रदेश के अन्य तीर्थ स्थलों पर ज्ञान यज्ञ और धार्मिक कथाओं का आयोजन कराते रहे हैं। एक सामान्य परिवार से जीवन की शुरुआत कर उन्होंने संघर्ष के दम पर रियल एस्टेट क्षेत्र में पहचान बनाई और आज वे देश के प्रमुख बिल्डरों एवं पूंजीपतियों में गिने जाते हैं।
जिले में चर्चा, सुरक्षा की मांग….
घटना के बाद सतना जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रुद्र त्रिपाठी और उनके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।