देशमध्यप्रदेशसतना

संपत्ति विवाद ने लिया खतरनाक मोड़: बहन ने भाइयों पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का आरोप…..

जवाहर नगर में पारिवारिक झगड़ा बना आपराधिक मामला, पुलिस ने शुरू की तलाश।

सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक महिला ने अपने ही दो भाइयों पर मारपीट करने और पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, जवाहर नगर निवासी कंचन चौधरी का अपने भाइयों राकेश चौधरी और बंटू चौधरी के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार शाम इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि भाइयों ने पहले गाली-गलौज की, फिर उसके साथ मारपीट की और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।

पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। देवेन्द्र सिंह चौहान, सीएसपी सतना ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

परिवारिक विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंता का विषय है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button