यातायात जागरूकता का संकल्प: सड़क सुरक्षा माह का गरिमामय समापन, छात्रों ने दिया अनुशासन का संदेश……

सतना। पुलिस मुख्यालय पीटीआरआई भोपाल द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रमों का समापन समारोह थाना परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में देविका सिंह आरआई, सुदीप सोनी थाना प्रभारी कोलगवां, योगेंद्र सिंह परिहार थाना प्रभारी सिविल लाइन तथा राघवेंद्र द्विवेदी थाना प्रभारी सिटी कोतवाली शामिल रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी तभी संभव है जब हर नागरिक यातायात नियमों को अपनी आदत बनाए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्रों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और अनुशासन का सशक्त संदेश दिया।

प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में महेंद्र सिंह एनएसएस प्रभारी एकेएस यूनिवर्सिटी एवं प्रोफेसर क्रांति राजोरिया पीजी कॉलेज सतना उपस्थित रहे।
माह भर चलाए गए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी यातायात पंकज शुक्ला, सूबेदार पूनम रावत, सूबेदार रामदेवी राय, थाना एचसीएम श्री हरीश मिश्रा, चंद्रमणि गुप्ता सहित समाजसेवी पंकज उर्मलिया, इंजीनियर नीलांबर झा एवं संपूर्ण थाना स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
समापन समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है।