विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा की अगुवाई में सतना में कृषि मंत्री शिवराज का ज़बरदस्त विरोध……
अमित मिश्रा/सतना।

सतना। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सतना आगमन पर बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन कर सरकार को घेर लिया। इस विरोध की कमान विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने संभाली और किसानों की आवाज़ को बुलंद करते हुए भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और खाद संकट व किसानों पर दर्ज झूठे मुक़दमों के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि प्रदेशभर में किसान खाद की भारी कमी से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि किसान अपनी जायज़ माँग उठाने पर मजबूर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याएँ हल करने के बजाय दमन की नीति अपना रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि किसानों पर दर्ज झूठे मुक़दमे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएँगे। भाजपा सरकार किसानों को दबाने का चाहे जितना प्रयास करे, कांग्रेस पार्टी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
विधायक कुशवाहा ने किसानों के मुद्दों पर सरकार की विफलता को उजागर करते हुए कहा कि खाद संकट और बढ़ते झूठे मुक़दमे भाजपा की किसान विरोधी सोच को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तत्काल खाद संकट का समाधान नहीं किया और किसानों पर से फर्जी मुक़दमे वापस नहीं लिए, तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।
इस विरोध प्रदर्शन में ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के चलते पुलिस बल को भी तैनात करना पड़ा। सतना की धरती पर कृषि मंत्री के खिलाफ हुआ यह ज़बरदस्त विरोध अब प्रदेश भर में राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है।