Uncategorized

सतना में 500 फीट लंबी तिरंगा यात्रा: जनप्रतिनिधियों समेत हजारों लोगों की भागीदारी, मुस्लिम समाज ने किया स्वागत….

सतना में शनिवार शाम एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें 500 फीट लंबा तिरंगा लेकर हजारों लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। यात्रा की शुरुआत सायं 5:30 बजे गुरु नानक दरबार सिटी कोतवाली से हुई। इसमें राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और महापौर योगेश ताम्रकार समेत अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सबसे आगे भारत माता की झांकी वाला रथ चल रहा था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से शहर की फिजा गूंज उठी। यात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

इस आयोजन में सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिली—युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी जोश के साथ शामिल हुए। खास बात यह रही कि मुस्लिम समाज के लोगों ने भी तिरंगा लहराकर यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए, जिससे आपसी सौहार्द और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।

यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना की वीरता और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को समर्पित थी। महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा, “अब भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा। सेना का जवाब ऐतिहासिक रहा है।”

देखिए तस्वीरों में देशभक्ति का ये अद्भुत नज़ारा…

Related Articles

Back to top button