सतना के गुप्ता पैलेस कांड से जुड़ा फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार…
अमित मिश्रा/सतना।

पत्रकार पर हमले के मामले में जबलपुर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में…..

जबलपुर/सतना। सतना के बहुचर्चित गुप्ता पैलेस कांड से जुड़ा एक और खुलासा सामने आया है। जबलपुर की गढ़ा थाना पुलिस ने फर्जी मेडिकल दस्तावेज तैयार करने वाले डॉ. अमित खरे को गिरफ्तार किया है। उन पर पत्रकार की हत्या के प्रयास और हमले की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों पिसनहारी की मढ़िया स्थित सिंघई पेट्रोल पंप के पास चार हथियारबंद बदमाशों ने निजी चैनल के पत्रकार सुनील सेन पर जानलेवा हमला किया। ये बदमाश बिना नंबर की कार में पहुंचे थे। बताया गया कि पत्रकार लगातार स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के फर्जीवाड़े की खबरें चला रहे थे, जिसके चलते हमला कराया गया।
गढ़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें राजू खटीक, राज उपाध्याय और मास्टरमाइंड माने जा रहे स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल संचालक डॉ. अमित खरे शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
जांच में सामने आया कि जबलपुर में संचालित यह फर्जी हॉस्पिटल लंबे समय से गलत मेडिकल दस्तावेज तैयार कर रहा था। इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल सतना के चर्चित गुप्ता पैलेस कांड में भी किया गया। आरोप है कि फरार आरोपी गौरव गुप्ता ने इन्हीं कागजों का सहारा लेकर झूठे मुकदमे दर्ज कराए थे।
फिलहाल पुलिस ने डॉ. अमित खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।