Uncategorized

पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी के घर में संदिग्ध हालातों में युवती की मौत, परिजनों ने बताया हादसा, जांच में जुटी पुलिस…..

चित्रकूट। पूर्व कांग्रेस विधायक व राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी के घर में काम करने वाली 24 वर्षीय युवती सुमन निषाद की मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना उनके चित्रकूट स्थित निजी आवास की है, जहां सुमन को तीसरी मंजिल पर गोली लगी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त सुमन के पास पूर्व विधायक नीलांशु की पत्नी की लाइसेंसी पिस्टल थी।

घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमन को जानकीकुंड अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर एफएसएल और नयागांव पुलिस की टीम जांच में जुटी है।

मामले में मृतका के परिजनों ने इसे हादसा कहा है। सुमन की मां सुदिया और भाई विनोद ने बताया कि सुमन सफाई करते समय पिस्टल ले गई थी और गलती से गोली चल गई। उनका कहना है कि पूर्व विधायक परिवार से उनके 25 वर्षों के रिश्ते हैं और उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है।

उन्होंने ने बताया कि नीलांशु चतुर्वेदी सुमन को अपनी बेटी जैसा मानते थे। दो माह बाद सुमन की शादी तय थी, जिसका तिलक कार्यक्रम भी पूर्व विधायक के सहयोग से हो चुका था। शादी का सारा सामान भी विधायक द्वारा खरीदा जा चुका था।

पूर्व विधायक ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “यह हमारे परिवार की क्षति है। सुमन हमारे घर की सदस्य जैसी थी। घटना कैसे हुई, समझ से परे है। जब यह हुआ, तब सुमन की मां हमारे साथ ही घर में मौजूद थीं।”

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सुमन का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button