शादी से पहले तिलक के बाद दूल्हे की शर्त: छोटी बहन से करूंगा शादी, दुल्हन ने खाया जहर……

रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में शादी से ठीक एक दिन पहले दूल्हे द्वारा रखी गई अजीब शर्त ने बड़ा मोड़ ले लिया। दूल्हे ने फोन कर बताया कि वह तय दुल्हन से शादी नहीं करेगा, बल्कि उसकी छोटी बहन से विवाह करना चाहता है। यह सुनते ही लड़की के परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना गुरुवार की है। फरवरी में सीधी जिले के युवक से युवती की शादी तय हुई थी। 16 अप्रैल को तिलक चढ़ाकर दहेज में नकद राशि और उपहार भी दिए गए थे। लेकिन गुरुवार दोपहर दूल्हे ने अचानक फोन कर शादी से इनकार कर दिया और छोटी बहन से शादी की मांग रख दी। परिजनों ने मनाने की कोशिश की, पर युवक नहीं माना।
शुक्रवार सुबह युवती ने कीटनाशक खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने मनगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि दहेज की रकम और उपहार लेने के बाद शादी से इनकार किया गया। लड़के पक्ष का कहना है कि युवती की पूर्व में शादी हो चुकी थी, जबकि लड़की के परिजन इस बात से इनकार कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि सबकुछ पहले ही बताया गया था।
थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने बताया कि जांच जारी है, आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।