जनचौपाल के माध्यम से SDOP चित्रकूट ने बढ़ाया सुरक्षा सहयोग, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद


चित्रकूट। मझगवाँ थाना क्षेत्र के ग्राम देवलहा और कैलाशपुर में SDOP रोहित राठौर ने जनचौपाल का आयोजन कर क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस जनसंवाद का उद्देश्य ग्रामीणों को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ना और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाना था।
चौपाल के दौरान SDOP राठौर ने ग्रामीणों से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी ली और उन्हें किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और जनता के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

जनचौपाल में ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिससे वे सजग होकर समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में मदद कर सकें। कार्यक्रम में मझगवाँ रेंजर पंकज दुबे और मझगवाँ थाना पुलिस बल की उपस्थिति भी रही, जिससे पुलिस और प्रशासन की संयुक्त सतर्कता का संदेश ग्रामीणों तक पहुँचा।
लोगों की माने तो यह पहल ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।