परमहंस आश्रम सती अनुसुइया में चोला गुरुजी की प्रथम पुण्यतिथि पर भव्य मूर्ति स्थापना एवं श्रद्धा का महासंगम………
आदित्य मिश्रा…. कोठी/सतना।

सती अनुसुइया स्थित परमहंस आश्रम में श्री श्री 1008 परमहंस स्वामी श्री चिदानंद जी महाराज (चोला गुरुजी) की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 3 फरवरी 2026, फाल्गुन कृष्ण पक्ष द्वितीया को भव्य मूर्ति स्थापना समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गुरुजी की स्मृति, तप, त्याग और आध्यात्मिक साधना को समर्पित रहेगा।
उल्लेखनीय है कि पूज्य चोला गुरुजी ने माघ पूर्णिमा 12 फरवरी 2025 को देवलोक गमन किया था तथा फाल्गुन कृष्ण पक्ष द्वितीया को उनकी समाधि दी गई थी। ठीक एक वर्ष उपरांत प्रथम पुण्यतिथि पर आश्रम में उनकी दिव्य प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को निरंतर उनके दर्शन और प्रेरणा का लाभ मिलता रहेगा।
मूर्ति स्थापना का पावन कार्य आश्रम के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 परमहंस स्वामी श्री नारदानंद जी पवन महाराज के सान्निध्य में आश्रम के वरिष्ठ साधु-संत एवं महात्माओं द्वारा संपन्न होगा। कार्यक्रम को विधिवत और शास्त्रोक्त बनाने हेतु विद्वान ब्राह्मणों के द्वारा पूजन, हवन एवं प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान दो दिवस पूर्व से ही प्रारंभ कर दिया गया है।
प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं स्थानीय जन भाग लेकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है। आश्रम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर चोला गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।