Uncategorizedमध्यप्रदेश

खंडवा में दरिंदगी की शिकार महिला की मौत: गैंगरेप के बाद बाहर निकली बच्चादानी, दो आरोपी हिरासत में…..

खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव में 45 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिला शनिवार दोपहर को बेहोशी की हालत में एक पड़ोसी के घर के आंगन में मिली थी। उसकी बच्चादानी बाहर निकली हुई थी और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट के निशान थे, जिससे अंदेशा है कि उसमें किसी नुकीली या कठोर वस्तु से वार किया गया। होश आने पर पीड़िता ने खुद कहा—“मेरे साथ गलत हुआ है।”

जानकारी के अनुसार, महिला शुक्रवार को गांव के एक शादी समारोह में गई थी। वहां आरोपी हरि और सुनील भी मौजूद थे, जो महिला के परिचित हैं। शादी के बाद तीनों एक घर में पहुंचे, जहां आरोपियों ने शराब पी और फिर महिला से दरिंदगी की। पुलिस का कहना है कि वारदात सुबह 8 बजे के करीब हुई थी।

महिला की हालत गंभीर थी। जब पड़ोस की महिला ने उसे अपने घर में तड़पते देखा, तो उसकी मदद की। महिला के दोनों बेटे उसे तलाशते हुए वहां पहुंचे और बेहोशी की हालत में पाई गई मां को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन उन्होंने वारदात स्वीकार नहीं की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में प्रक्रिया पूरी हुई। रिपोर्ट का इंतजार है।

इधर, भोपाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और विधायक आरिफ मसूद ने इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। अरुण यादव ने कहा, यह महिला की हत्या है। बच्चादानी निकाल दी गई। यह विजय शाह का क्षेत्र है, अब देखना होगा वे क्या कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश यौन शोषण के मामलों में देश में शीर्ष पर है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button