सतना में फिर टेटनस की दस्तक: 15 वर्षीय किशोर वेंटिलेटर पर, जागरूकता ही बचाव का एकमात्र उपाय…..
आदित्य मिश्रा/सतना।

सतना जिले के पाथर कछार गांव में 15 वर्षीय शीतल खैरवार को मामूली चोट के बाद गंभीर टेटनस हो गया। सात दिन पहले पैर में लगी चोट का समय पर सही उपचार और टीकाकरण नहीं हो सका, जिससे संक्रमण बढ़ता गया और हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के सेकेंड आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
फिलहाल किशोर वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। डॉक्टरों के अनुसार टेटनस के कारण उसे सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी थी। स्थिति नाजुक होने पर शासकीय मेडिकल कॉलेज में ईएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहित समाधिया ने ट्रैकियोस्टॉमी कर जान बचाने की कोशिश की। इस प्रक्रिया में गर्दन के सामने ट्यूब डालकर सीधे फेफड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। डॉ. एलपी सिंह के निर्देशन में डॉ. बद्री विशाल सिंह और डॉ. चेतन की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
चिंता की बात यह है कि डेढ़ महीने में यह दूसरा मामला है। इससे पहले सरसा (पन्ना) निवासी 19 वर्षीय युवक को भी टेटनस के चलते गंभीर हालत में सतना रेफर किया गया था। कभी लगभग खत्म मानी जा रही यह बीमारी अब लापरवाही के कारण फिर सिर उठाती दिख रही है।
जागरूक बनें, सतर्क रहेंविशेषज्ञों का स्पष्ट संदेश है, चोट छोटी हो या बड़ी, तुरंत घाव की सफाई कराएं और टेटनस का इंजेक्शन अवश्य लगवाएं। समय पर टीकाकरण ही इस जानलेवा संक्रमण से सुरक्षा की गारंटी है। लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है…….