बेटे की शादी की तैयारी पर पड़ा साया: भीड़भाड़ में किसान की जेब से 40 हजार रुपए पार….
आदित्य मिश्रा/सतना।

सतना शहर में एक किसान के साथ हुई चोरी की घटना ने आम नागरिकों की सतर्कता की आवश्यकता को फिर सामने ला दिया है। कोलगवां थाना क्षेत्र में बेटे की शादी की खरीदारी के लिए आए 55 वर्षीय किसान रामप्रसाद साहू की जेब से 40 हजार रुपए पार कर दिए गए।

रामप्रसाद साहू, निवासी बांधी मौहार (रैगांव), बुधवार शाम गांव से बस द्वारा सेमरिया चौराहा पहुंचे थे। वहां से वे टिकुरिया टोला बायपास की ओर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो में अत्यधिक भीड़ थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पैंट की अंदरूनी जेब से रकम निकाल ली। सफर के दौरान उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।

ऑटो से उतरने के बाद जब उन्होंने पैसे निकालने के लिए जेब में हाथ डाला, तो रकम गायब थी। यह राशि उन्होंने बेटे की शादी की तैयारियों के लिए बड़ी मेहनत से जुटाई थी। घटना के बाद उन्होंने तत्काल कोलगवां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।