देशमध्यप्रदेशसतना

बेंच पर विशेष अतिथि, कक्षा में कुत्ते की नींद, कॉलेज प्रबंधन बेखबर….!

पीएमश्री शासकीय डिग्री कॉलेज सतना सुर्खियों में है, लेकिन वजह शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि कक्षा में आराम फरमाता एक ‘चारपाया छात्र’ है।

बुधवार को सामने आए एक वीडियो में कॉलेज की नियमित चल रही कक्षा के बीच छात्राओं के साथ एक कुत्ता बेंच पर गहरी नींद में सोता नजर आया। छात्राएं अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहीं और ‘माननीय अतिथि’ पूरी शांति से विश्राम करते रहे।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह दृश्य कैमरे में कैद हुआ, उस वक्त पढ़ाई चल रही थी। कक्षा में मौजूद किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति ने उसे बाहर निकालने की जहमत नहीं उठाई। आखिरकार जब नींद पूरी हुई तो कुत्ता खुद ही उठा, अंगड़ाई ली और बिना किसी रोक-टोक के बाहर निकल गया, मानो उपस्थिति दर्ज कराकर गया हो।

सवाल यह है कि क्या अब उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए पहचान पत्र की जरूरत सिर्फ विद्यार्थियों को है? परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, कक्षा अनुशासन और प्रबंधन की सतर्कता पर यह घटना सीधा प्रश्नचिह्न लगाती है। यदि एक जानवर आराम से कक्षा में पहुंच सकता है, तो सुरक्षा के बड़े मुद्दों पर क्या भरोसा किया जाए?

सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली पर व्यंग्य करता प्रतीत होता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार इसे हल्के में लेते हैं या व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button