सतना में विप्र सेना की मार्गदर्शक बैठक सम्पन्न, 30 अप्रैल को बदखर में मनाई जाएगी भगवान परशुराम जयंती……

सतना। विप्र सेना द्वारा शनिवार को सतना में एक विशेष मार्गदर्शक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत भगवान परशुराम जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण से की गई, जिसके पश्चात सभी मार्गदर्शकों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
बैठक में संगठन के मार्गदर्शकों ने सामाजिक एकता को मजबूत करने, युवाओं को संगठित करने एवं ब्राह्मण समाज की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने पर बल दिया। सभी सदस्यों ने संगठन के प्रदेशव्यापी विस्तार के लिए अपने सुझाव दिए और कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक का मुख्य आकर्षण 30 अप्रैल 2025 को बदखर स्थित भगवान परशुराम मंदिर में भगवान परशुराम जयंती महोत्सव को भव्य रूप से मनाने का निर्णय रहा, जिसे सभी ने सर्वसम्मति से स्वीकृति दी।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष योगेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन पाण्डेय, जिला अध्यक्ष अनुराग दुबे और नगर अध्यक्ष प्रकाश नारायण चतुर्वेदी का सम्मान वरिष्ठ नेता नरेंद्र त्रिपाठी द्वारा किया गया। साथ ही संजीव शर्मा को संभाग अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिनका स्वागत भी त्रिपाठी द्वारा किया गया।

विप्र सेवा की यह बैठक सकारात्मक ऊर्जा, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक गौरव से ओतप्रोत रही।