लाड़ली बहनों को बड़ा झटका: 11 हजार महिलाओं को नहीं मिलेगी 23वीं किस्त…..

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना से हजारों महिलाएं हुईं बाहर….
मध्यप्रदेश में महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण देने के लिए शुरू की गई लाड़ली बहना योजना अब हजारों बहनों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सतना और मैहर जिलों की 11 हजार महिलाएं इस योजना से बाहर हो गई हैं, जिसके चलते उन्हें 23वीं किस्त के 1250 रुपये नहीं मिलेंगे।
क्या है वजह?
इस योजना के नियमों के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को लाभ नहीं दिया जाता। अब तक सतना और मैहर जिले में 9 हजार महिलाएं 60 साल की सीमा पार कर चुकी हैं, जबकि 2 हजार महिलाओं ने योजना का लाभ लेना स्वयं बंद कर दिया है। इसी कारण इन महिलाओं को अब से कोई किस्त नहीं मिलेगी।
कितनी महिलाएं हो रही हैं प्रभावित?
महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी सौरभ सिंह के अनुसार, साल 2023 में योजना की शुरुआत के समय सतना और मैहर जिले की करीब 3.78 लाख महिलाएं लाभार्थी थीं। लेकिन अब कई महिलाएं उम्र सीमा के चलते बाहर हो रही हैं।
विधानसभा में उठा मामला
हरदा के टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने विधानसभा में इस योजना को लेकर सवाल उठाया था। सरकार के जवाब के अनुसार:
- योजना में सिर्फ 35 महिलाओं को अपात्र घोषित किया गया है।
- योजना के शुरू होने के बाद से 15,735 महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है।
- नवंबर 2023 के बाद किसी भी नई महिला को योजना में शामिल नहीं किया गया है।
यह खबर उन महिलाओं के लिए बड़ा झटका है, जो इस योजना पर निर्भर थीं। अब सवाल यह है कि राज्य सरकार इन प्रभावित महिलाओं के लिए कोई वैकल्पिक योजना लाएगी या नहीं?