पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग……


मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर टावर निर्माण मामले में प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिया गया निर्णय गरीब, असहाय और कमजोर वर्ग के किसानों के लिए राहतपूर्ण है।
त्रिपाठी ने कहा कि टावर निर्माण के चलते कई किसानों की भूमि और फसलें प्रभावित हुई हैं। न्यायालय का फैसला इन किसानों के पक्ष में है, इसलिए अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह शीघ्र इन किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को उनका हक और न्याय समय पर मिल सके। त्रिपाठी ने कहा कि यह कदम न केवल न्याय की दिशा में होगा, बल्कि किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
पूर्व विधायक का यह पत्र किसानों की आवाज को शासन तक पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।