खंडवा में मंत्री विजय शाह के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला जलाया और फुटबॉल की तरह रौंदा……

मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान को लेकर बुधवार दोपहर खंडवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पहले उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंत्री को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय के सामने पहुंचे और विजय शाह का पुतला जलाया।
पुतले को आग लगाने के बाद कार्यकर्ताओं ने उसे लातों से मारते हुए फुटबॉल की तरह उछाला और रौंदा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद था, लेकिन उनकी मौजूदगी में ही यह सब हुआ।
घटनास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर बहस हुई। कार्यकर्ताओं ने खंडवा डीएसपी पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस बीजेपी की एजेंट बनकर काम कर रही है और मंत्री पर कार्रवाई करने की बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रही है।