ओरछा में रामराजा सरकार को 21 क्विंटल लड्डुओं का भोग:पुष्य नक्षत्र में निकलेगी शोभायात्रा, नौ प्रवेश द्वारों पर होगी फूलों की बारिश।

देशभर के साथ आज रविवार को मध्यप्रदेश में भी रामनवमी मनाई जा रही है। निवाड़ी जिले के ओरछा में राम राजा सरकार को 21 क्विंटल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त लोकगायिका उर्मिला पांडेय बधाई गीत गाएंगी।
सुबह 9 बजे प्रथम कुश गेट से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शहरभर में घूमकर मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान महारानी कुंअरि गणेश की बग्घी में विराजमान रामराजा भगवान की जगह-जगह अगवानी की जाएगी। श्रद्धालु अपने घरों के सामने श्रीराम का तिलक कर पूजन करेंगे। नगर के नौ प्रवेश द्वारों पर फूलों की बारिश की जाएगी।
दोपहर 12 बजे भगवान का जन्म होगा। इसके बाद आरती होगी। लड्डू प्रसाद का भोग लगाया जाएगा। मंदिर के अंदर और बाहर बधाई गीत गाए जाएंगे। भगवान को पालना झुलाया जाएगा। रामराजा संघर्ष परिषद द्वारा लोकगायिका उर्मिला पांडेय को रायप्रवीण पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।