सतना में दबंगों का आतंक: आधी रात को घर-दुकान में लगाई आग, लाखों का नुकसान….

मध्यप्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उसराहा में दबंगों ने बीती रात जमकर आतंक मचाया। भाजीखेरा निवासी नमो सिंह बघेल, ओम सिंह बघेल और प्रबल सिंह बघेल पर आरोप है कि उन्होंने कंधीलाल वर्मा और करूण कुशवाहा के घर व दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना का कारण करूण की किराना दुकान से उधारी पर सामान न देना बताया जा रहा है।
शाम को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखा विवाद हुआ था, जो रात में हिंसा में बदल गया। आधी रात को दर्जनभर गुंडे पीड़ितों के घरों में घुसे और आगजनी की। आग से दोनों के घर, दुकान, मोटरसाइकिल और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। दबंगों ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिंहपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ितों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। यह घटना स्थानीय कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है और यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।