संघर्ष, समर्पण और नेतृत्व का सम्मान, अर्जुन तिवारी को संगठन ने दी भावभीनी विदाई।

सतना: मध्य प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (MPMSRU) सतना इकाई के वरिष्ठ और संघर्षशील नेता अर्जुन तिवारी को उनकी सेवानिवृत्ति पर संगठन ने सम्मानित किया। 30 वर्षों के लंबे कार्यकाल में उन्होंने संगठन को मजबूत किया और कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष किया।
अर्जुन तिवारी पूर्व इकाई अध्यक्ष, प्रादेशिक कन्वीनर और जोनल कन्वीनर के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। स्विजेरा दवा कंपनी में कार्यरत रहते हुए उन्होंने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स को एकजुट करने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए। उनकी नेतृत्व शैली सहज और प्रेरणादायक रही, जिससे सदस्य उनसे आत्मीय रूप से जुड़े रहे।
उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर यूनियन कार्यालय में भावपूर्ण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सतना इकाई की कार्यकारिणी ने उन्हें क्रांतिकारी अभिवादन देते हुए उनके योगदान को नमन किया। संगठन ने उनसे भविष्य में मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
इस अवसर पर MPMSRU प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड संजय सिंह तोमर, प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह रावल सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अर्जुन तिवारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।