Uncategorized

मंदसौर में बड़ा हादसा : बाइक को टक्कर मारने के बाद वैन कुएं में गिरी, 10 की मौत…


मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावत फंटे पर रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही एक ईको वैन ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर खुले कुएं में गिर गई। हादसे में बाइक सवार समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि वैन में 10 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया, इसी दौरान कुएं में उतरे मनोज सिंह नामक ग्रामीण की भी गैस रिसाव के कारण मौत हो गई। दुर्घटना में घायल 3 साल की बच्ची सहित चार लोगों को रेस्क्यू कर मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर भी मंगवाए गए। क्रेन की मदद से वैन (MP09-WC2452) को कुएं से बाहर निकाला गया।

हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार की पहचान गोबर सिंह (निवासी आबाखेड़ी) के रूप में हुई है। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है और मृतकों के शवों को निकालने का कार्य जारी है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


Related Articles

Back to top button