कोठी अस्पताल में लापरवाही चरम पर, तड़पती रही गर्भवती महिला, डॉक्टर नदारद!
आदित्य मिश्रा/कोठी

सतना (कोठी)। कोठी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था फिर सवालों में है। आज देर शाम पेट में तेज दर्द से तड़प रही गर्भवती महिला मजदूरी से लौटते समय जब अस्पताल पहुंची, तब घंटों तक डॉक्टर के इंतजार में बैठी रही, लेकिन कोई इलाज शुरू नहीं हो सका। 4 महीने की प्रेग्नेंट बताई जा रही महिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सर्वेश वर्मा नामक डॉक्टर की ड्यूटी थी, लेकिन मरीजों की सुध लेने कोई मौजूद नहीं था।
गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचे एक घंटा से अधिक समय बीत गया, लेकिन भर्ती तक नहीं किया गया। परिजनों ने बताया कि कोठी अस्पताल में आए दिन मरीज तड़पते रहते हैं, इलाज केवल दिखावे तक सीमित है। सोशल मीडिया और समाजसेवी लंबे समय से अस्पताल की बदहाल व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि गर्भवती महिला को समय पर इलाज न मिलने से जटिलताएं बढ़ सकती थीं। अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी और डॉक्टरों की अनुपस्थिति ने एक बार फिर कोठी अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।