रिश्तों को कलंकित करता कत्ल, भांजे के अवैध संबंधों ने ली नानी की जान…….
अमित मिश्रा /सतना।

विश्वास से खून तक का सफर, नानी बनी राज़ की गवाह, नाती ने उतारा मौत के घाट….
सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र में सामने आया हत्याकांड रिश्तों की बुनियाद को झकझोर देने वाला है। यहां एक नाती ने अपनी ही 65 वर्षीय नानी की हत्या केवल इसलिए कर दी क्योंकि उन्होंने उसे उसकी मामी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी नाती कयामत रावत और उसकी मामी भारती उर्फ कंचन रावत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला रामपुर बाघेलान थाना अंतर्गत देवमऊ झिरिया टोला का है। 5 फरवरी की शाम रुक्मिणी आदिवासी घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों की तलाश के बाद अगले दिन गांव के पास सरसों के खेत की मेड़ के पास झाड़ियों में उनका शव मिला। चेहरे, सिर और गले पर चोट के निशान थे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स और पूछताछ में शक घर के भीतर ही जा टिका। सख्ती से पूछताछ करने पर कयामत और भारती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच अवैध संबंध थे। 5 फरवरी की शाम रुक्मिणी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। बदनामी के डर से कयामत ने नानी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बताया गया कि जब रुक्मिणी खेत की ओर गईं, तो कयामत ने उनका पीछा किया, पहले मारपीट की और फिर तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में छिपाकर वह घर लौट आया।
इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि रिश्तों से उठते विश्वास को भी गहरा आघात पहुंचाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।