मध्यप्रदेशसतना

खाद पर सियासत: विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्री का काफिला रोका, किसानों की समस्या पर सीधा संवाद……

आदित्य मिश्रा।


सतना। जिले में खाद संकट को लेकर गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हुआ। युवा संसद कार्यक्रम के लिए आ रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले को कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने डिग्री कॉलेज के पास रोक दिया। उनके साथ कांग्रेसजन भी मौजूद थे।

सिद्धार्थ ने मंत्री से कहा कि जिले में किसानों को खाद नहीं मिल रही है, उल्टे उन्हें लाठियाँ खानी पड़ रही हैं और मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इस पर शिवराज ने सफाई दी कि पर्याप्त खाद भेजी गई है। विधायक सिद्धार्थ ने तर्क रखा कि आवश्यकता की आधी भी खाद नहीं आई है। जब शिवराज ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे तो सिद्धार्थ ने दो टूक कहा- आप खुद कृषि मंत्री हैं, आदेश दीजिए। आप सरकार हैं, बात क्यों करना।

इस पर शिवराज असहज हो गए और बोले कि कांग्रेसजन वीडियो शूटिंग के लिए आए हैं। सिद्धार्थ ने स्पष्ट किया कि हमारे साथ कोई कैमरा नहीं है, वीडियो तो आपके साथ हैं। हम किसानों की समस्या रखने आए हैं, विरोध करने नहीं।उन्होंने कहा कि मंत्री युवा संसद में बोलने आए हैं जबकि आज किसानों के लिए ‘किसान संसद’ की जरूरत है।

सिद्धार्थ ने खाद की व्यवस्था तत्काल कराने और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग रखी। जवाब में शिवराज ने समस्या के समाधान और जांच का भरोसा दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शहर अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी, प्रवक्ता रितेश त्रिपाठी, पंकज कुशवाहा, आशुतोष सिंह, रामकुमार त्रिपाठी आदि शामिल रहे। खास बात यह रही कि कांग्रेसियों ने न तो काले झंडे दिखाए और न ही विरोधी नारे लगाए, केवल ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे गूंजे।

इधर, प्रदेश कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कलेक्टरों को खाद वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लगातार विवादों के बीच यह हस्तक्षेप किसानों की समस्या की गंभीरता को उजागर करता है।


Related Articles

Back to top button