सीधी में महिला आरक्षक के ‘पंडिताई’ पर कहे अपशब्दों से भड़का ब्राह्मण समाज, बर्खास्तगी की मांग तेज, रीवा-सतना से भोपाल तक आक्रोश की लहर….
अमित मिश्रा/सतना।

सीधी। डीसीआरबी शाखा में पदस्थ महिला आरक्षक अंजू जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें वह वर्दी में एक ब्राह्मण व्यक्ति के प्रति “पंडिताई” शब्द का अपमानजनक रूप से प्रयोग करती नजर आ रही हैं। शुक्रवार रात 10 बजे हुए इस घटना के बाद ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक अंजू जायसवाल को शहनाज अख्तर की सुरक्षा ड्यूटी पर एक निजी कार्यक्रम में तैनात किया गया था। वहीं किसी बात पर हुए विवाद के दौरान उन्होंने वर्दी में रहकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वीडियो सामने आने के बाद समाज के लोगों ने इसे ब्राह्मण गौरव पर प्रहार बताया है।

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष पं. राकेश दुबे ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि वर्दी में रहकर किसी भी समाज विशेष के लिए अपशब्द कहना अनुशासनहीनता है, प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यव्यापी विरोध किया जाएगा।

रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल से लेकर भोपाल सहित कई जिलों के ब्राह्मण नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर एकजुट होकर महिला आरक्षक को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं।
इस बीच, आरक्षक अंजू जायसवाल ने सफाई देते हुए कहा कि मेरे शब्द किसी समाज के लिए नहीं थे, बल्कि एक व्यक्ति द्वारा की गई बदतमीजी का जवाब था। बावजूद इसके, वीडियो के वायरल होने से मामला गरमाया हुआ है और प्रशासन पर कार्रवाई के दबाव की स्थिति बन गई है।
 
				
