सतना में ट्रैफिक व्यवस्था पर यूथ कांग्रेस का घेराव, गरीबों पर सख्ती, रसूखदारों पर नरमी का आरोप….

सतना। शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर यूथ कांग्रेस ने ट्रैफिक थाने का घेराव किया।
सैकड़ों कार्यकर्ता सिविल लाइन कोठी रोड से रैली निकालते हुए ट्रैफिक थाने पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस गरीब और लाचार लोगों पर चलानी कार्रवाई में सख्ती दिखाती है, जबकि रसूखदारों के खिलाफ नरमी बरती जाती है।
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वरुण गुजर ने कहा कि शहर में अवैध पार्किंग, बेसमेंट पार्किंग का दुरुपयोग, ऑटो चालकों की मनमानी और मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद कार्रवाई का दायरा सीमित वर्ग तक ही सिमट कर रह गया है। उन्होंने मांग की कि अवैध पार्किंग हटाने, ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने और नियमों का समान रूप से पालन कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
वरिष्ठ नेता राजदीप सिंह मोनू ने कहा की यातायात व्यवस्था सुधारना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शहर में ट्रैफिक प्लानिंग की कमी साफ दिखाई देती है। स्कूल समय और बाजार क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन जरूरी है। हम चाहते हैं कि एक ठोस कार्ययोजना बनाकर सख्ती से लागू की जाए, ताकि आम जनता को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
रैगाँव विधानसभा अध्यक्ष शुभम समदरिया ने अपने बयान में कहा कि सतना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। अवैध पार्किंग, वाहन चालकों की मनमानी और मुख्य मार्गों पर रोज लगने वाला जाम आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण है। नियमों का पालन सभी पर समान रूप से हो, यही हमारी मांग है। गरीबों पर सख्ती और रसूखदारों पर नरमी बंद होनी चाहिए।
वही प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक डीएसपी संजय खरे ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित किया जाएगा।
