71 हजार का गांजा-सिरप जब्त, दंपति गिरफ्तार.. मैहर में पकड़े गए तस्करों से मिला था सुराग……
आदित्य मिश्रा /सतना।

रामनगर थाना पुलिस ने बुधवार को अमिलिया गांव से एक दंपति को 71 हजार रुपए से अधिक के गांजा और कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया। मैहर में दो दिन पहले पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमिलिया गांव निवासी शंभू पटेल (34) और उसकी पत्नी तुलसा पटेल (30) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 4 किलो 370 ग्राम गांजा, 120 शीशी कफ सिरप और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 71,120 रुपए है। दंपति के खिलाफ एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई मैहर कोतवाली क्षेत्र में 23 फरवरी की रात को हुई एक बड़ी धरपकड़ से जुड़ी है। उस दौरान एक कार से 4 लाख 75 हजार रुपए का गांजा और नशीला सिरप जब्त किया गया था। इस मामले में सुरेंद्र पटेल, अंकुश जायसवाल और अमन उर्फ अंकुश कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया था।
टीआई विजय त्रिपाठी ने बताया कि मैहर में पकड़े गए आरोपी सुरेंद्र ने पूछताछ में खुलासा किया था कि शंभू और उसकी पत्नी भी इस अवैध कारोबार में साझेदार हैं। सुरेंद्र ने बताया कि उसने पांच दिन पहले ही दंपति को सिरप और गांजा की खेप पहुंचाई थी, जिसे वे अपने घर से फुटकर में बेचते थे।
इसी सूचना के आधार पर रामनगर पुलिस ने छापा मारा और नशे का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मैहर और रामनगर के अलावा जिले में सक्रिय कई अन्य तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। इन सभी की धरपकड़ के लिए पुख्ता रणनीति बनाई जा रही है।