सतना की बेटी भूमिका जैन ने UPSC में लहराया परचम, 331वीं रैंक हासिल कर बनीं IARS अधिकारी…..

सतना की होनहार बेटी भूमिका जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की परीक्षा में 331वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित हुए परिणाम में भूमिका की इस सफलता से पूरे शहर में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि के साथ ही उन्हें भारतीय राजस्व सेवा (IARS) में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा। भूमिका की सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है और लोग उन्हें बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

भूमिका जैन शहर के कपड़ा व्यवसायी मनोज जैन और सृष्टि जैन की बेटी हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि यह उनका तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने आखिरकार मंजिल हासिल कर ली। भूमिका ने बताया कि पहले प्रयास में उन्होंने कोचिंग का सहारा लिया था, लेकिन बाद के प्रयासों में उन्होंने स्वयं अध्ययन कर परीक्षा की तैयारी की।
उन्होंने बताया कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र नियमितता और निरंतर अभ्यास है। तैयारी के दौरान वे प्रतिदिन लगभग 9 घंटे पढ़ाई करती थीं और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहती थीं। भूमिका ने यह भी बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई और न ही परिवार से अलग रहकर पढ़ाई की। उनका मानना है कि संतुलित जीवनशैली और सकारात्मक माहौल व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है, जो कठिन परीक्षाओं में सफलता के लिए बेहद जरूरी है।
भूमिका जैन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के प्रोत्साहन, परिवार के सहयोग और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से सतना जिले के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। शहर के लोगों का कहना है कि भूमिका की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
मनोज जैन, पिता…👇
