देशमध्यप्रदेशसतना

सतना कांग्रेस में घमासान: शहर अध्यक्ष की नियुक्ति पर मशहूद शेरू का आमरण अनशन ऐलान…

चुनावी समीकरणों पर मंडराया संकट।

सतना। कांग्रेस में शहर अध्यक्ष पद की नियुक्ति ने स्थानीय राजनीति को गरमा दिया है। इकबाल सिद्दीकी को शहर अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले के बाद से ही कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। यह असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है और संगठनात्मक एकता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मशहूद अहमद शेरू ने इस निर्णय का विरोध करते हुए भोपाल में आमरण अनशन की घोषणा की है। शेरू का कहना है कि शहर अध्यक्ष पद के लिए 18 कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था, मगर उनके नाम को अजय सिंह राहुल के करीबी होने के कारण दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें व्यक्तिगत पदलालसा नहीं है, लेकिन अन्य 17 आवेदकों में से किसी योग्य को अवसर मिलना चाहिए ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल न टूटे।

शेरू ने संगठन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों में पुनर्विचार नहीं हुआ, तो वे भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने इंदिरा गांधी की प्रतिमा के पास आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने इस संघर्ष को व्यक्तिगत नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं और संगठन के आत्मसम्मान से जुड़ा बताया।

विश्लेषकों का मानना है कि इस विवाद ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को और गहरा कर दिया है। शहर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर उपजे असंतोष का असर आगामी नगर निकाय और विधानसभा चुनावों पर पड़ सकता है। यदि पार्टी नेतृत्व समय रहते समाधान नहीं निकाल पाया, तो कांग्रेस के सामने आंतरिक मतभेद से उबरना बड़ी चुनौती साबित होगा।

Related Articles

Back to top button