सतना हाफ मैराथन 2025: 20 राज्यों के 85 जिलों से 5332 प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीयन, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान…..
अमित मिश्रा/सतना।

सतना, 4 सितंबर। खेल नगरी के रूप में उभरते सतना जिले में खेलों का जश्न एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित षष्ठम सतना हाफ मैराथन-2025 का भव्य आयोजन 7 सितंबर, रविवार को किया जाएगा। प्रातः 6 बजे शासकीय उत्कृष्ट व्यंकट क्रमांक-1 के खेल मैदान धवारी से यह दौड़ शुरू होगी। आयोजन समिति के प्रमुख डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता ने देशभर में लोकप्रियता हासिल करते हुए नए रिकॉर्ड कायम किए हैं।

रिकॉर्ड पंजीयन, बढ़ा उत्साह
डॉ. मिश्र ने जानकारी दी कि इस बार 20 राज्यों के 85 जिलों से 5332 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। यह संख्या सतना हाफ मैराथन के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के इस उत्साह ने न केवल जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि सतना को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी स्थापित किया है।
खिलाड़ियों के प्रति आभार
आयोजन समिति के सदस्य रवि द्विवेदी ने बताया कि पूरी पंजीयन प्रक्रिया ऑनलाइन सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। इस अवसर पर डॉ. राकेश मिश्र ने कहा,
सभी खिलाड़ियों ने जिस प्रकार उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंजीयन कराया है, वह सतना की धरती के लिए गर्व की बात है। हम सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
पिछले पाँच वर्षों की ऐतिहासिक सफलता के बाद यह छठा संस्करण विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. मिश्र ने कहा कि सतना हाफ मैराथन अब केवल जिले या प्रदेश तक सीमित नहीं रही, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। देश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय चैंपियन खिलाड़ियों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और खेल प्रेमियों के शुभकामना संदेश प्राप्त हो रहे हैं। इससे यह आयोजन और भी गरिमामय बन रहा है।
सतना को खेलों में नई ऊँचाई
डॉ. मिश्र ने कहा कि सतना हाफ मैराथन के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा,
हमारी कर्मभूमि सतना को खेलों के क्षेत्र में विकसित, समृद्ध और सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
उन्होंने सहयोगियों, स्वयंसेवकों और समर्थकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन न सिर्फ सतना बल्कि पूरे देश के लिए खेलों में प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
नए कीर्तिमान की ओर
आयोजन समिति का विश्वास है कि इस वर्ष की हाफ मैराथन नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और आने वाले वर्षों में सतना की पहचान को और ऊँचाई तक पहुँचाएगी। खिलाड़ियों का जोश और जनता का समर्थन मिलकर एक बार फिर इतिहास रचेगा।