देशमध्यप्रदेशसतना

शहीद एएसआई रामचरण गौतम के परिजनों को 1 करोड़ की श्रद्धानिधि स्वीकृत…..

आदित्य मिश्रा/कोठी।

सतना। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पवैया निवासी शहीद सहायक उपनिरीक्षक स्वर्गीय रामचरण गौतम के परिवार को मध्यप्रदेश सरकार ने 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता (श्रद्धानिधि) स्वीकृत की है। यह निर्णय मंत्रिपरिषद द्वारा लिया गया, जिसका उद्देश्य शहीद के परिजनों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके बलिदान को सम्मान देना है।

गुरुवार को नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी शहीद के पैतृक गांव पवैया पहुंचीं। उन्होंने शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा गौतम से भेंट कर संवेदना व्यक्त की तथा शाल-श्रीफल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

गौरतलब है कि एएसआई रामचरण गौतम मार्च 2025 में मऊगंज जिले के गड़रा गांव में ड्यूटी के दौरान उपद्रवियों के हमले में शहीद हो गए थे। वे 25वीं बटालियन में पदस्थ थे और सेवानिवृत्ति से कुछ माह दूर थे। उनकी शहादत से न केवल सतना बल्कि पूरे प्रदेश में शोक की लहर फैल गई थी।
घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय रामचरण गौतम को शहीद का दर्जा देने के साथ परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी। अब श्रद्धानिधि की स्वीकृति के साथ यह घोषणा अमल में आ गई है, जिससे शहीद परिवार को बड़ी राहत और संबल मिला है।

Related Articles

Back to top button