पैरोल से फरार अपराधी का खूनी तांडव: पिता की मौत, पुत्र गंभीर, प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल…..

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारा पत्थर इलाके में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। पैरोल पर बाहर आए और लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी चंदन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पिता बबलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र राना यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सतना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी चंदन यादव वर्ष 2018 में हत्या के एक मामले में जेल से पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन इसके बाद से ही फरार चल रहा था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि एक फरार अपराधी खुलेआम इलाके में घूमता रहा और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घायल राना यादव के अनुसार आरोपी चंदन यादव और उसके साथियों ने वारदात से एक दिन पहले ही फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। राना यादव के भाई ने बताया कि आरोपियों ने करीब छह राउंड फायरिंग की, जिसमें कई गोलियां उनके पिता बबलू यादव को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़ित पक्ष ने इस हमले में चंदन यादव के साथ अशोक यादव, शरद यादव, शिवाय यादव, आलोक सोनी और बिंदल यादव को नामजद आरोपी बताया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि इस घटना ने प्रशासनिक सतर्कता और पैरोल पर रिहा अपराधियों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।
