ऑपरेशन प्रहार 2.0 में बड़ी कामयाबी, मैहर पुलिस ने 27 किलो गांजा व प्रतिबंधित कफ सिरप पकड़ा, तीन तस्कर गिरफ्तार…..

मैहर/सतना। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मैहर पुलिस ने नशे के तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन, एएसपी डॉ. चंचल नागर एवं नगर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी और उनकी टीम ने 27.200 किलोग्राम गांजा व 221 शीशी प्रतिबंधित कोडीन फास्फेटयुक्त कफ सिरप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
23 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामवन पथ गमन रोड, जीतनगर मोड़ स्थित पुल के नीचे सर्विस रोड पर घेराबंदी कर काले रंग की डस्टर कार (क्रमांक MP 19 CC 3342) को रोका। तलाशी में वाहन की डिग्गी से लगभग ₹4.10 लाख मूल्य का गांजा और ₹65 हजार कीमत की ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की गई। तस्करी में प्रयुक्त वाहन (लगभग ₹8 लाख) सहित कुल ₹12,75,000 का मशरूका जब्त किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं म.प्र. ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र उर्फ रामनरेश पटेल, अंकुश जायसवाल तथा अमन कुशवाहा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सुरेन्द्र पर पूर्व से विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं अंकुश जायसवाल कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा का भतीजा बताया गया है, जो पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में चर्चित रहा है।
गौरतलब है कि आईजी गौरव राजपूत के मार्गदर्शन में पूर्व में भी नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी हो चुकी है। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत लगातार की जा रही कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि रीवा जोन में नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने की दिशा में पुलिस प्रशासन गंभीर और प्रतिबद्ध है।