ओलम्पियाड में सतना के नन्हे सितारों का जलवा, जिला स्तर पर प्रथम आने वाले 11 विद्यार्थियों को मिला सम्मान…..

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुआ समारोह…..
सतना। राज्य शिक्षा केन्द्र के तत्वाधान में आयोजित जिला स्तरीय ओलम्पियाड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्मानित किया गया। कक्षा 2 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, पुरस्कार किट एवं कप प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह कछवाह तथा जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बच्चों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि हिम्मत रखें और कभी हार न मानें। निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने उचवां टोला के प्राथमिक शाला के लिए 14 वर्षों तक अपना निजी भवन उपलब्ध कराने वाले रामसज्जन मल्लाह की सराहना की और बताया कि स्कूल भवन स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। आगामी शिक्षा सत्र से नए भवन में शाला संचालन का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए शशांक सिंह का भी आभार व्यक्त किया गया।
डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने जानकारी दी कि ओलम्पियाड परीक्षा के लिए जिले में 26 हजार विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। 18 नवम्बर 2025 को जिले के 65 जन शिक्षा केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा में 20,085 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसके बाद 16-17 जनवरी 2026 को आयोजित जिला स्तरीय परीक्षा में 3,743 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न 11 विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विशेष उल्लेखनीय उपलब्धि नागौद की दीपाली विश्वकर्मा की रही, जिन्होंने दो विषयों में प्रथम स्थान हासिल किया।
बाइट- शैलेन्द्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत सतना।