देशमध्यप्रदेशसतना

मंत्री प्रतिमा बागरी के इस्तीफे की उठी मांग, सतना में युवक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन…..

अमित मिश्रा/सतना।

शराब–गांजा तस्करी के आरोपों पर सियासी घमासान,

सतना। मध्य प्रदेश की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी से जुड़े कथित परिजनों पर मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। इसी कड़ी में मंगलवार दोपहर सतना के सिविल लाइन चौक पर युवक कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण भी हो गई।

युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राज्य मंत्री के कथित रिश्तेदारों के खिलाफ गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस कार्रवाई हुई है। उनका कहना है कि ऐसे में नैतिक आधार पर मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कार्यकर्ताओं ने मोहन यादव सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर विरोध जताया और सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रतिमा बागरी का पुतला दहन करने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस बल ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से स्थिति को संभाल लिया गया, हालांकि कुछ देर के लिए सिविल लाइन चौक पर आवागमन प्रभावित रहा।

युवक कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जब तक मंत्री पद पर बनी रहेंगी, तब तक मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि कानून और जवाबदेही की है।

पुलिस प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया

बाइट- स्वतंत्र मिश्रा, उपाध्यक्ष युवक कांग्रेस जिला सतना।

पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सत्ता में बैठे लोगों से जुड़े मामलों में राजनीतिक नैतिकता और जवाबदेही सुनिश्चित हो पा रही है!

Related Articles

Back to top button